कानपुर महिला के साथ रेप करने के बाद रॉड मार कर गंंभीर रूप से किया घायल
हाथरस मामले में जहां एक ओर सीबीआई की टीम जांच कर रही है वहीं प्रदेश के दूसरे जिलों में महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
ताजा मामला कानपुर जिले का है, जहां महिला के साथ रेप करने के बाद उसे रॉड मार कर गंंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, महिला को तालाब में फेंक कर फरार हो गए। महिला ने सुबह स्थानीय किसान से मदद मांगी।
किसान ने ठंड से कांप रही महिला के लिए आग की व्यवस्था की। महिला अचेत अवस्था में जंगल में पड़ी रही। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस पहले तो देर से पहुंची फिर करीब 2 घंटे तक एंबुलेंस के आने का इंतजार करती रही।
बाद में उच्च अधिकारियों के दखल के बाद महिला को स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना शिवराजपुर थाना क्षेत्र की है, जहां शेख नवादा गांव के पास जंगल में सुबह महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। महिला के बारे में पुलिस को सूचना देने वाले शख्स ने बताया कि महिला ने उससे मदद मांगी थी।
महिला ने उसे बताया था कि लिफ्ट देने वाले लोडर चालक ने उसके साथ रेप किया और उसका सामान लूटने के बाद उसके ऊपर से हमला करते हुए तालाब में फेंककर फरार हो गया। महिला को स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।