बदमाशों और माफियाओं की सफाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त रुख
उत्तर प्रदेश में माफिया तत्वों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद और सुंदर भाटी के बाद अब वेस्ट यूपी के कुख्यात बदन सिंह बद्दो की बारी है।
बदमाशों और माफियाओं की सफाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मेरठ में आज माफिया बदन सिंह बद्दो के घर कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। बदन सिंह बद्दो ढाई लाख का इनामी बदमाश है।
पिछले 20 महीने से बद्दो फरार चल रहा है। अप्रैल 2019 में पेशी के दौरान वह मेरठ के एक होटल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आज तक पुलिस उसका सुराग नहीं जुटा पाई है।
कुर्की के जरिए बद्दो के संगठित अपराध गिरोह की कमर तोड़ने में पुलिस जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर कई बार बदन सिंह बद्दो ने पुलिस को चुनौती दी है।
मेरठ के थाना टीपी नगर क्षेत्र के पंजाबी पुरा इलाके मेंं बदन सिंह उर्फ बद्दो का पुराना घर है।। पिछले कई दशकों से अपरहण, रंगदारी और जमीन कब्जे को लेकर वेस्ट यूपी में बद्दो का नाम कुख्यात रहा है।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर के सुशील मूंछ और बदन सिंह की जोड़ी का अपराध की दुनिया में बोलबाला है। अब उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दोनों ही कुख्यात अपराधियों के वर्चस्व को चकनाचूर कर दिया।
हालांकि बड़ा सवाल यह है कि मेरठ में पुलिस की नाक के नीचे से फरार हुआ बद्दो अभी तक खुला घूम रहा है। पुलिस उसका कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई है। बदन सिंह को आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई जा चुकी है।
साथ ही उस पर यूपी पुलिस ने ढाई लाख का इनाम घोषित कर रखा है। इसके अलावा बदन सिंह बद्दो उत्तर प्रदेश के टॉप टेन बदमाशों की सूची में भी शामिल है। अदालत के आदेश के बाद बद्दो की अचल संपत्तियों की कुर्की हो रही है।
बदन सिंह के शाही बंगले की कीमत करोड़ों में है। नगर निगम के कुछ अफसरों की बद्दो से मिलीभगत का शक है। माना जा रहा है कि मेरठ विकास प्राधिकरण की साठगांठ से बद्दो ने बेशकीमती बंगले का निर्माण कराया।