राजधानी लखनऊ में अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में रणजीत बच्चन की हत्या से सनसनी फैल गई है। वहीं, रणजीत के भाई को भी गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब छह बजे हिन्दू महा सभा के अध्यक्ष रणजीत बच्चन अपने भाई के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हजरतगंज इलाके में सीडीआरआई के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला।
वही इससे पहले 18 अक्टूबर को हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दो लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। दोनों बदमाश भगवा कपड़े पहने हुए थे और मिठाई के डिब्बे में पिस्टल व चाकू छिपाकर लाए थे।
आज हुई हत्या के बाद CM योगी आदित्यनाथ विपक्ष के निशाने पर है, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने इस घटना पर कड़ा रोष प्रकट किया है, उन्होनें बयान दिया कि प्रदेश में लगातार हत्या और लूट जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है,अब यूपी को हत्या के लिए जाना जाने लगा है। मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं।
वही समाजवादी पार्टी (एसपी) के नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसी का भी जीवन सुरक्षित नहीं है और यहां कभी भी किसी की हत्या हो सकती है।