
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से पहले कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र ‘उन्नति विधान’ जारी कर दिया हैं।प्रियंका ने इस मौके पर महिलाओं के लिए जारी शक्ति विधान, युवाओं के लिए जारी भर्ती विधान का भी जिक्र किया है । उन्होंने कहा कि जन संवाद से चर्चा करके ही इन योजनाओं को घोषणा पत्र में रखा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनने के 10 दिन के भीतर किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। प्रमुख घोषणाओं को सामने रखते हुए उन्होंने कहा कि 2500 में गेहूं-धान प्रति क्विंटल और 400 रुपये में गन्ना की खरीद की जाएगी। 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएगी। 12 लाख खाली पदों को पहले भरेंगे। इसके अलावा 8 लाख रोजगार पैदा करेंगे। 40 फीसदी रोजगार महिलाओं को दिए जाएंगे। गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदे जाएंगे। इससे आवारा पशुओं को लेकर आने वाली समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
घोषणापत्र के मुख्य बिन्दू:
- 10 दिन के अंदर किसानों का कर्जा माफ करेंगे।
- 2500 में गेहूं, धान और 400 में गन्ना खरीदेंगे।
- बिजली बिल माफ होगा, कोरोना काल का बकाया खत्म किया जाएगा।
- 20 लाख सरकारी रोजगार दिलवाएंगे।
- कोरोना पीड़ितों को 25000 रुपये दिए जाएंगे।
- किसी भी बीमारी पर सरकार की तरफ से 10 लाख तक का इलाज मुफ्त किया जाएगा।
- आवारा पशुओं से नुकसान झेलने वाले को 3000 रुपए का मुआवजा, गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदा जाएगा।
- आउटसोर्सिंग को बंद किया जाएगा। संविदाकर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा।
- रसोइया का वेतनमान 5000 रुपए तक बढ़ाएंगे।
- झुग्गीवालों की जमीन उनके नाम की जाएगी।
- चौकीदारों का वेतन 5 हजार रुपये प्रति माह किया जाएगा।
- स्कूलों में अधिकतम फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाएगी।
- गांव के तालाबों सहित जलाशयों का मानचित्रण और पंजीकरण।
- अति-पिछड़ी जातियों के लिए सबकोटा।
- एससी-एसटी को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा।
- दिव्यांगों को 3 हजार का पेंशन।
- महिला पुलिस को गृह जनपद में पोस्टिंग।