दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर व्यवस्था विफल है, तो सरकार भी विफल है।
सुरक्षा और व्यवस्था में फर्क
संजय निषाद ने कहा कि सुरक्षा और व्यवस्था दो अलग-अलग चीजें हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य और केंद्र दोनों की होती है। जनता सरकार को इस विश्वास के साथ वोट देती है कि वह उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। अगर व्यवस्था विफल होती है, तो इसका मतलब है कि सरकार भी अपने दायित्वों को पूरा करने में असफल रही है।
दिल्ली की समस्याओं पर सवाल
संजय निषाद ने दिल्ली में यमुना की गंदगी और पर्यावरण प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दिल्ली की जनता कई समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जब यमुना साफ नहीं हो पा रही और पर्यावरण इतना दूषित है कि चार महीने से अधिवेशन भी नहीं हो सका, तो यह किसकी जिम्मेदारी है?
जनता करेगी फैसला
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता ही केजरीवाल को सत्ता से बाहर करेगी। जनता को साफ पानी और साफ हवा चाहिए। यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जनता अगले चुनाव में इनका जवाब देगी। एनडीए दिल्ली में सत्ता में आएगी।”
केजरीवाल की कथनी और करनी में अंतर
संजय निषाद ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पहले खुद को आम आदमी का नेता बताते थे, लेकिन अब करोड़ों का घर बनवा लिया। उन्होंने कहा, “केजरीवाल की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। जनता अब इनकी असलियत समझ चुकी है और इसका जवाब जरूर देगी।”
सीएम योगी की तारीफ
संजय निषाद ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
केजरीवाल का योगी पर बयान
गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे और उत्तर प्रदेश की स्थिति की तारीफ की थी। इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा था कि सीएम योगी उन्हें कानून व्यवस्था सिखाएं।