लखनऊ के टुडियागंज स्थित राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में शनिवार सुबह आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में 59 डॉक्टर और कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में मरीज तो मौजूद थे, लेकिन डॉक्टर और स्टाफ का न दिखना लापरवाही का बड़ा संकेत बना।
सुबह 8 बजे पहुंचे अधिकारी, अस्पताल में पसरा सन्नाटा
प्रमुख सचिव रंजन कुमार सुबह 8 बजे कॉलेज पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने अस्पताल भवन का निरीक्षण किया, जहां डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी नजर आई। वहीं, OPD में इलाज के लिए पहुंचे मरीज डॉक्टरों का इंतजार करते रहे। इस स्थिति को देख प्रमुख सचिव ने कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगा।
अस्पताल प्रशासन ने दी दलील, प्रमुख सचिव ने खारिज की
कॉलेज प्रशासन ने तर्क दिया कि कई डॉक्टरों और कर्मचारियों की ड्यूटी दोपहर और शाम की पाली में होती है, इस कारण वे समय से नहीं पहुंच पाए। इस पर प्रमुख सचिव ने दलील को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि सभी को तय समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा।
59 डॉक्टर और कर्मचारियों को नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 59 चिकित्सक और कर्मचारी समय से अस्पताल नहीं पहुंचे। इस पर रंजन कुमार ने सभी को गैरहाजिर मानते हुए नोटिस जारी करने और जवाब तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।