Site icon UP की बात

Lucknow News: ट्रैफिक पुलिस ने दिए निर्देश, बाढ़ के कारण लखनऊ जाने के लिए इन रूटों से करें ट्रेवल

LUCKNOW FLOOD

LUCKNOW FLOOD

उत्तर प्रदेश के बरेली मंडल के तहत आने वाले पीलीभीत और शांहजहांपुर में बाढ़ के हालात बद-से-बदतर होते जा रहे हैं। लगातार शारदा नदी और देवहा नदीं में नेपाल और उत्तराखंड से पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे बरेली देहात के करीब 80 गांवों को बाढ़ के दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बदायूं और बरेली को जोड़ने वाले पुल के पास भी जल का स्तर निरंतर बढ़ रहा है।

बरेली से लखनऊ हाइवे पर ट्रेवल न करें

शाहजहांपुर हाईवे पर बाढ़ के चलते बरेली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि लखनऊ और शाहजहांपुर जाने वाले वाहन शाहजहांपुर न जाएं। वे बदायूं, एटा और कटरा के रूट का प्रयोग करें। आपको बता दें कि दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर स्थित शाहजहांपुर में शुक्रवार रात करीब 3 किमी. के दायरे में 3 फीट पानी भर गया, जिसके बाद ट्रेफिक कंट्रोल को हाइवे बंद करना पड़ा।

लखनऊ हाईवे पर आने वाले शाहजहांपुर में जलभराव से रोड बंद

शाहजहांपुर में आई बाढ़ और हाईवे के ऊपर से पानी बहने के कारण बरेली से शाहजहांपुर, लखनऊ का मार्ग को हल्के और मध्यम वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं बरेली से शाहजहांपुर और लखनऊ जाने के लिए कटरा, जलालाबाद, अल्लाहगंज, हरदोई से जाने का निर्देश दिया गया है। इसी प्रकार लखनऊ से बरेली आने के लिए हरदोई से अल्लाहगंज, जलालाबाद कटरा होते हुए बरेली पहुंच सकते हैं।

लखनऊ जाने के लिए इस मार्ग को अपनाएं

बरेली से पीलीभीत , बरेली से बीसलपुर और बरेली से शाहजहांपुर मार्गों पर ज्यादा वर्षा, व बाढ़ तथा हाईवे पर पानी बहने के चलते यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। बरेली से लखनऊ की ओर सुगम एवम् सुरक्षित आवागमन के लिए बरेली, बदायूं, कासगंज व एटा बेवर एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचा जा सकता है।

जरूरी होने पर ही करें यात्रा

बरेली ट्रैफिक पुलिस ने बाढ़ को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें, जरूरी होने पर ही यात्रा करें। इसी के साथ लोगों से कहा कि ज्यादा बहाव होने के कारण पैदल चलने का जोखिम न लें और वाहन से घूमने का मन न बनाएं। जहां तक हो सके अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यह निर्देश SP ट्रैफिक शिवराज ने जनहित में दिए हैं।

देहात इलाके में बाढ़ का खतरा ज्यादा

यूपी के बरेली देहात क्षेत्र में शीशगढ़, शेरगढ़, बहेड़ी और भदपुरा क्षेत्रों में से 80 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं रामगंगा और दूसरी अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से करीब 200 अन्य गांवो पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। वहीं देवहा नदी में बाढ़ आने से चारों ओर गांव जलमग्न हो चुके हैं।

अभी भी देवहा नदी में बढ़ सकता है पानी का जलस्तर

देवहा नदी में बाढ़ आने से, अन्य स्थानों से जोड़ने वाली सड़क का कटान हो गया है। जिससे लोगों को सुरक्षित रखने और उनसे निरंतर संबंध बनाए रखने के लिए प्रशासन मुस्तैद है। वहीं देहात क्षेत्र के शीशगढ़, शेरगढ़ व बहेड़ी क्षेत्र के अधिक गांव भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

आज हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार को हल्की बारिश होने की आशंका है। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक जा सकता है। वहीं आज हवा की गति 6 किमी प्रति घंटा रहेगी। शुक्रवार तड़के तक बारिश होने से, दिन में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

Exit mobile version