1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. YEIDA News: यमुना प्राधिकरण ने 16 भूखंड आवंटन रद्द किए, इंडस्ट्रियल और टॉय सिटी पार्क में नियम उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

YEIDA News: यमुना प्राधिकरण ने 16 भूखंड आवंटन रद्द किए, इंडस्ट्रियल और टॉय सिटी पार्क में नियम उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

YEIDA ने कोविड काल में हुए इंडस्ट्रियल और टॉय सिटी पार्क के 16 भूखंडों का आवंटन रद्द कर दिया। नियम उल्लंघन और एक परिवार के कई सदस्य भूखंड आवंटन में दोषी पाए गए।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
YEIDA News: यमुना प्राधिकरण ने 16 भूखंड आवंटन रद्द किए, इंडस्ट्रियल और टॉय सिटी पार्क में नियम उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने इंडस्ट्रियल पार्क और टॉय सिटी पार्क में आवंटित 16 भूखंडों का आवंटन रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई भूखंड आवंटन में गंभीर अनियमितताओं के चलते की गई है। प्राधिकरण ने जांच में पाया कि एक ही परिवार के कई सदस्यों ने फर्जी कंपनियों के जरिए एक से अधिक भूखंड हासिल किए थे, जो योजना के दिशा-निर्देशों का सीधा उल्लंघन है।

कोविड-19 काल में शुरू की गई थी भूखंड योजना साल 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान YEIDA ने सेक्टर-29 (इंडस्ट्रियल पार्क) और सेक्टर-33 (टॉय सिटी पार्क) में भूखंड योजना लॉन्च की थी।

सेक्टर-29 में 712 भूखंड

सेक्टर-33 में 143 भूखंड प्रस्तावित किए गए थे। इन योजनाओं के लिए कुल 2,785 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2,290 को पात्र पाया गया। 9 अक्टूबर 2020 को ड्रॉ के जरिए 700 सफल आवेदकों को भूखंड आवंटित किए गए।

ड्रॉ के बाद उठे सवाल, शुरू हुई जांच

ड्रॉ प्रक्रिया के बाद शिकायतें मिलने लगीं कि कई भूखंड एक ही परिवार के सदस्यों के नाम आवंटित हुए हैं। जांच में पाया गया कि महामारी के कारण दस्तावेजी प्रक्रिया में ढील दी गई थी, जिसके चलते कई फर्जीवाड़े हो गए। स्थिति को सुधारने के लिए आवंटन पत्रों में एक विशेष शर्त जोड़ी गई थी: “प्रति परिवार केवल एक ही भूखंड आवंटन मान्य होगा। पति, पत्नी और आश्रितों को एक ही इकाई माना जाएगा। नियम उल्लंघन पर आवंटन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।”

ACEO के नेतृत्व में गठित समिति ने की गहन जांच

इस मुद्दे की तह तक जाने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई। समिति ने कुल 43 आवंटनों की जांच की। जांच में पाया गया कि 28 भूखंड 10 परिवारों से जुड़े हुए हैं। इनमें से 16 भूखंडों में स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन पाया गया। वरिष्ठ एडवोकेट और लॉ फर्म की ली गई कानूनी राय के बाद YEIDA ने 16 भूखंडों का आवंटन निरस्त कर दिया है।

सीईओ अरुण वीर सिंह ने दी जानकारी

YEIDA के सीईओ अरुण वीर सिंह ने कहा: “कोरोना महामारी के दौरान शुरू की गई औद्योगिक भूखंड योजना में 43 आवंटनों की जांच की गई थी। इसमें पाया गया कि 16 भूखंड एक ही परिवार के सदस्यों को गलत तरीके से आवंटित हुए थे। हमने नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए इनका आवंटन रद्द कर दिया है।”

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...